वर्तमान कर व्यवस्था में निरंतर सीखने और अपडेट रहने की आवश्यकता : सीए सतीश

झालावाड़। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया की सेंट्रल काउंसिल ने झालावाड़ में नया सीपीए चेप्टर खोला है। इसका शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। नए सीपीए चैप्टर के संयोजक सीए गिरीश शर्मा और सह संयोजक सीए अरविंद गुप्ता को नियुक्त किया है। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं उद्बोधन के साथ हुई। सेमीनार में वर्तमान कर व्यवस्था में निरंतर सीखने और अपडेट रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
उद्घाटन समारोह में सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए सतीश गुप्ता, सीए पंकज शाह, सीए रोहित रुवतिया, रीजनल काउंसिल के वाइस चेयरमैन सीए अंकुश जैन, पूर्व चेयरमैन सीए अंकुर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कोटा बूंदी बारां से सीए शामिल हुए। इसके पश्चात आयकर एवं जीएसटी विषयों पर महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित हुआ, इसमें चैप्टर के संयोजक सीए गिरिश शर्मा ने बताया कि सेमिनार के पहले टेक्निकल सेशन में सीए प्रकाश शाह ने इनकम टैक्स एक्ट 2025 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, संभावित बदलावों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नए कानून की प्रमुख धाराओं और टैक्स प्रोफेशनल्स के लिए इसके महत्व को सरल भाषा में समझाया।

जीएसटी से जुड़े विवादों, अपील प्रकिया पर डाला प्रकाश

दूसरे सत्र में सीए देवेंद्र कटारिया ने जीएसटी लिटिगेशन विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने जीएसटी से जुड़े विवादों, अपील प्रक्रिया तथा हालिया न्यायिक निर्णयों के माध्यम से विषय को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने विषयों पर गहरी रुचि दिखाई और विशेषज्ञों से कई महत्वपूर्ण प्रश्न भी पूछे। यह सेमिनार कर क्षेत्र के पेशेवरों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *