रलायता स्कूल में मधु मक्खियों ने किया हमला, तीन छात्र व एक शिक्षक घायल, दो कक्षाओं की परीक्षा स्थगित

रलायता स्कूल में मधु मक्खियों ने किया हमला

झालावाड़। झालरापाटन ब्लॉक के रलायता गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में बुधवार सुबह 10 बजे करीब मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इससे स्कूल में अफरा-तफरी का माहाैल हाे गया। इस घटना में तीन छात्र व एक शिक्षक घायल हो गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद स्कूल के शिक्षक व विद्यार्थी दूर अलग जाकर मधुमक्खियों के शांत होने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब वहां से मधुमक्खियां नहीं गई तो स्कूल की छुट्टी कर दी गई। ऐसे में बुधवार को होने वाली परीक्षाओं को भी स्थगित करना पड़ा।
प्रधानाध्यापिका अनीता गांधी ने बताया कि सुबह 10 बजे छात्र-छात्राएं स्कूल में प्रवेश कर ही रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। बड़ी संख्या में मधुमक्खियाें के हमले से तीन छात्र-छात्राअों व एक शिक्षक घायल हाे गए। इस घटना में पहली, दूसरी व कक्षा 6 में अध्ययनरत छात्राअाें के साथ शिक्षक मोहनसिंह डंक लगने से घायल हो गए। सभी काे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी गई।


दो कक्षाओं की परीक्षा स्थगित, अब 16 मार्च को होगी

प्रधानाध्यापिका गांधी ने बताया कि बुधवार को कक्षा 6 का अंग्रेजी का और कक्षा 7 का सामाजिक विज्ञान का पेपर था, लेकिन मधुमक्खियों के हमले के कारण एहतियात के तौर पर दोनों कक्षाअाें की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 16 मार्च को ली जाएगी। स्कूल में कक्षा 6 में 26 और कक्षा 7 में 32 विद्यार्थी पढ़ते हैं, जिनका पेपर स्थगित हुआ।

तीन महीने में तीन घटनाएं, दो झालरापाटन क्षेत्र में

इस साल 2026 में तीन महीनों में ही मधुमक्खियों के हमले की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पहली घटना गंगधार उपखंड के तलावली गांव में जनवरी माह में एक शिव मंदिर में धार्मिक आयोजन के दौरान मधुमक्खियों ने हमला किया, जिसमें 22 लोग (9 बच्चे, 6 महिलाएं, 7 पुरुष) घायल हो गए। उन्हें चौमहला सीएचसी में भर्ती कराया गया। दूसरी घटना झालरापाटन बस स्टैंड में कुछ दिन पहले हुई इसमें मधुमक्खियों के हमले में करीब 12 लोग घायल हुए, जिनमें से अनीस अंसारी और उनके दो पुत्रों को एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब तीसरी घटना झालरापाटन के रलायती प्राथमिक स्कूल में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *