झालरापाटन में युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की

झालावाड़। झालरापाटन में शुक्रवार रात को एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि युवक पत्नी के अवैध संबंध से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया। झालरापाटन थाना पुलिस ने शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एक युवक ने शुक्रवार रात अपने घर में जहर खा लिया था हालत बिगड़ने पर उसकी मां ने अपने छोटे बेटे को सूचना दी। इस पर वह उसे तुरंत एसआरजी अस्पताल लेकर आए। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक घर में अपनी बुजुर्ग मां, बेटे और बेटी के साथ रहता था और मजदूरी कर परिवार का लालन पालन करता था। मां, भाई और बड़े बेटे ने पुलिस को बताया कि युवक की पत्नी मजदूरी करती है और उसका एक ट्रक ड्राइवर के साथ अवैध संबंध है। पत्नी अक्सर दो-तीन दिन तक घर नहीं लौटती थी और ड्राइवर के साथ ही रहती थी, इसकी वजह से दोनों में विवाद होता था। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि शुक्रवार दोपहर को पत्नी और ड्राइवर दोनों को समझाने का प्रयास किया था। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह काफी परेशान हो गया। इसके बाद उसने सुसाइड कर लिया। झालरापाटन थाने के एएसआई चंपालाल ने बताया-परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *