ट्रैक्टर के बोनट से गिरा युवक, टायर चढ़ने से मौत

मनोहरथाना.
क्षेत्र के हरनावदा रोड पर ट्रैक्टर से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा था। गिरते ही ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर चढ़ गया। मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान सीसवाली निवासी सुजान सिंह पुत्र गोमा बंजारा के रूप में हुई। वह बारां जिले के सीधपुरी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। एएसआई अलीम मोहम्मद ने बताया, सुजान सिंह पशुओं के लिए भूसा-चारा परिवहन का काम कर रहा था। रविवार रात वह मनोहरथाना क्षेत्र से ट्रैक्टर में भूसा भरकर चंदीपुर के पछेटा की गौशाला में खाली करने गया था। वहां से लौटते समय मनोहरथाना-हरनावदा मार्ग पर हादसा हुआ। मृतक के भाई बंसीलाल ने पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया, अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाया। इसी दौरान सुजान ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। टायर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। रात होने के कारण शव को मनोहरथाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का मामला दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *