झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता के चुनाव 25 मार्च को, मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन

झालावाड़। झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार लिमिटेड के संचालक मंडल एवं पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। निर्वाचन अधिकारी सौमित्र मंगल ने गुरुवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। इन चुनावों के लिए 25 मार्च को मतदान कराया जाएगा, जिसके बाद उसी दिन शाम को मतगणना भी होगी।

राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा इन चुनावों की घोषणा की गई है। चुनाव अधिकारी सौमित्र मंगल ने बताया कि मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद अब 17 मार्च को दोपहर 1 बजे तक आपत्तियों और आक्षेपों की सुनवाई की जाएगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि करीब तीन साल पहले भी उपभोक्ता होलसेल भण्डार के चुनाव शुरू हुए थे। हालांकि, मतदाता सूची में नामों को काटे जाने के विवाद के बाद जिला प्रशासन ने इन चुनावों को रद्द कर दिया था। निर्वाचन स्थगन आदेश 3 मई 2023 को जारी किए गए थे।

एक बार फिर से चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से आम सदस्यों और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। यह चुनाव भण्डार के संचालन मंडल के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *